पश्चिम चंपारणः निगरानी टीम ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को 20 हजार घूस लेते दबोचा

2/13/2021 1:10:15 PM

बगहाः बिहार राज्य सर्तकता अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को पश्चिमी चंपारण जिले के रामनगर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सिन्हा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी के पुलिस उपाधीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि रामनगर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सिन्हा के विरूद्ध शिकायत दर्ज हुई थी कि नगर पंचायत की विभिन्न योजनाओं में कार्यपालक पदाधिकारी कमीशन की मांग करते हैं और और नहीं दिए जाने पर भुगतान रोक दिए जाने की धमकी दी जाती है।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि शिकायत की पुष्टि होने के बाद निगरानी की टीम ने रामनगर पहुंचने के बाद मामले की सत्यता पाए जाने के बाद 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सिन्हा को रामनगर नगर पंचायत के कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। सिंह ने बताया कि गिरफ्तार कार्यपालक पदाधिकारी को निगरानी की टीम अपने साथ लेकर पटना चली गई है।

Content Writer

Ramanjot