मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया, आज हर वर्ग कर रहा त्राहिमामः सीताराम येचुरी

3/7/2022 10:08:34 AM

समस्तीपुरः मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था को चौपट करने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण आज हर वर्ग त्राहिमाम कर रहा है। 

मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को कर दिया चौपट 
सीताराम येचुरी ने रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मोदी सरकार ने चौपट कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश के उद्योगों का लगातार निजीकरण किया जा रहा है और पूंजीपतियों के हाथ इसे बेचा जा रहा है। देश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एजेंडा चल रहा है। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिकता का जहर फैला कर आपसी सछ्वभाव को बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। 

अन्य देशों में पढ़ने को मजबूर हैं छात्र 
येचुरी ने यूक्रेन संकट की चर्चा करते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था मंहगी होने के कारण ही छात्र अन्य देशों में पढ़ने को मजबूर हैं। इस कारण ही यूक्रेन युद्ध के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों की देश वापसी में बड़ी परेशानी सामने आ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस मुख्यमंत्री को यह पता नहीं है कि बिहार के कितने छात्र मेडिकल पढ़ने यूक्रेन समेत अन्य देश जाते है। वह प्रदेश का भला क्या कर सकते है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह बयान दुभाग्यपूर्ण है।

माकपा महासचिव ने कहा कि किसान संगठनों के दबाव में मोदी सरकार ने किसान बिल वापस लिया जो किसानों की एक ऐतिहासिक जीत है। सभा को संबोधित करते हुए माकपा पोलितब्यूरो सदस्य हन्नाह मोल्ला ने कहा कि नीतीश सरकार भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रही है। बिहार में बेरोजगारी के कारण आज युवा एवं आमलोग यहां से पलायन कर रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार में आज बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सभा को माकपा राज्य सचिव अवधेश कुमार एवं राज्य सचिव मंडल सदस्य सह विधायक अजय कुमार समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

Content Writer

Ramanjot