​Bhagalpur News: रोपनी करने आए मजदूरों पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल

11/1/2023 3:05:12 PM

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में बुधवार को गंगा के कछार में झाड़ी में छिपे बदमाशों ने रोपनी करने आए मजदूरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वहीं,  गोलीबारी की घटना से पूरा इलाका दहल गया। लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

नाव में सवार होकर बैरंग वापस लौट गए मजदूर
जानकारी के मुताबिक, घटना विक्रमशीला सेतु के पाये से पूरब की ओर घटी है। बताया जाता है कि भागलपुर के किसी व्यक्ति ने कछार में रोपनी के लिए खगड़िया के परबत्ता से कुछ मजदूरों को बुलाया था। करीब 50 की संख्या में ये मजदूर नाव पर सवार होकर कछार पहुंचे थे। इन मजदूरों को देखते ही अचानक कछार में झाड़ी में छिपे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होती देख सभी मजदूरों में हड़कंप मच गया। करीब 60 राउंड गोली चली है। गोलीबारी शुरू हुई तो नाव में सवार होकर मजदूर बैरंग वापस लौट गए।

इलाके में दहशत का माहौल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई शुरू नहीं की जा सकी। दो थानों की पुलिस सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। बरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन नाथनगर थाना का विवाद बताकर कार्रवाई शुरू नहीं की। उधर, एक पक्ष के लोग घटना के बाद मौके पर पहुंच गए। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना के बाद गंगा का दियारा इलाका फायरिंग से दहशत में है। 

Content Editor

Swati Sharma