सरस्वती पूजा से लौट रही नाबालिग को अगवा कर किया रेप, दोस्त बनाते रहे वीडियो... मुख्य आरोपी गिरफ्तार

2/2/2023 2:41:22 PM

छपरा: बिहार के छपरा जिले से एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहां सरस्वती पूजा से लौट रही नाबालिग को 4 लड़कों ने अगवा कर लिया और फिर उसे खेत में ले गए। वहां ले जाकर एक लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया तो वहीं अन्य तीन लड़के इस घटना का वीडियो बनाते रहे। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

नाबालिग को अगवा कर खेत में ले गए आरोपी 
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के कोपा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बीती 28 जनवरी की रात नाबालिग सरस्वती पूजा में डांस देखकर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में 4 लड़के उसे जबरन उठाकर खेत में ले गए। वहां एक लड़ने ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। वहीं अन्य तीन लड़के इसका वीडियो बनाते रहे। दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी पीड़िता को खेत में छोड़कर फरार हो गए। 

आरोपियों ने लड़की के परिवार को दी धमकी 
इसके बाद नाबालिग ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को सारी बात बताई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने लड़की के परिवार को गोली मारने की भी धमकी दी थी, जिसके डर से उन्होंने दो दिन तक पुलिस को सूचना नहीं दी। वहीं परिजनों ने बुधवार को इस घटना की जानकारी थानाध्यक्ष अजित कुमार को दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समहोता चंदा टोला निवासी रविन्दर यादव (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तीन आरोपी फरार हैं। फरार चल रहे आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। 

क्या कहती है पुलिस?
इस मामले में कोपा थानाध्यक्ष अजित कुमार का कहना है कि चार युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और तीन अन्य की तलाश जारी है। वहीं नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा दिया गया है।
 

Content Writer

Ramanjot