छुट्टियों में बुआ के घर आई नाबालिग से गैंगरेप, अगवा कर खेत में ले गए 3 दरिंदे और फिर बारी-बारी किया...

Tuesday, Mar 03, 2026-11:33 AM (IST)

Muzaffarpur Gangrape :  बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां मुशहरी थाना क्षेत्र में बुआ के घर छुट्टियां बिताने आई एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी में है। 

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात की है जब नाबालिग किशोरी घर से बाहर शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान गांव के तीन युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया और बूढ़ी गंडक नदी के किनारे एक गेहूं के खेत में ले गए। पीड़िता के बयान के अनुसार, जीतन कुमार और संजीव कुमार ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा आरोपी मनीष कुमार बाहर पहरा दे रहा था। 

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी 

काफी देर तक किशोरी के घर न लौटने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो तीनों आरोपी खेत के पास ही मिल गए। ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर ही तीनों को पकड़ लिया। शुरुआत में आरोपियों के परिजनों द्वारा केस में फंसाने की धमकी दी गई, जिससे आक्रोशित होकर पीड़ित पक्ष तीनों को पकड़कर मुशहरी थाने ले गया। डीएसपी सकरा-2, मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और आरोपियों से गहन पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और बढ़ते दबाव के कारण आरोपी गिरफ्त में आए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।  

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार के नाम पर 2.24 करोड़ की धोखाधड़ी, पुलिस के हत्थे चढ़ा 21 वर्षीय युवक

डीएसपी ने दिया ये निर्देश 

पुलिस ने इस मामले में कठोर कदम उठाते एफआईआर में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी हैं। पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। डीएसपी ने निर्देश दिया है कि मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाए ताकि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को न्यूनतम समय में सख्त सजा दिलाई जा सके। परिजनों ने मांग की है कि इस जघन्य अपराध के लिए तीनों दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static