मंत्री विजेंद्र यादव ने कुढ़नी में JDU की जीत का किया दावा, गुजरात-हिमाचल चुनाव परिणाम पर भी कही ये बात

12/8/2022 12:37:08 PM

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): मुजफ्फरपुर की कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। 14वें राउंड के बाद जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा आगे चल रहे हैं। इसी बीच जदयू ने उपचुनाव में महागठबंधन की जीत का दावा किया है।

बिहार सरकार में जदयू कोटे से मंत्री विजेंद्र यादव और शिला मंडल ने कहा कि जदयू प्रत्याशी की जीत होगी। विजेंद्र यादव ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम पर भी अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि गुजरात में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने गली गली घूमकर चुनाव प्रचार किया है। बता दें कि 14वें राउंड में मनोज कुशवाहा ने 49435 मत तो वहीं भाजपा के केदार प्रसाद गुप्ता ने 47810 मत प्राप्त किए हैं। 

13 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत
कुढ़नी सीट पर हुए चुनाव में 13 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिसमें से पांच निर्दलीय हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार केदार गुप्ता और जदयू उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा के बीच है। इस सीट पर चुनाव कराने की जरूरत इसलिए हुई क्योंकि राजद के वर्तमान विधायक अनिल कुमार सहनी को अयोग्य घोषित कर दिया गया था । वर्ष 2020 में हुए चुनाव में सहनी ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के केदार गुप्ता को करीब 700 वोटों से पराजित किया था। इस बार उपचुनाव में इस सीट पर महागठबंधन से जदयू उम्मीदवार मनोज सिंह कुशवाहा चुनाव लड़ रहे हैं। 

Content Writer

Ramanjot