शराबबंदी को लेकर मंत्री नीरज कुमार का मांझी पर निशाना- उम्र का असर हो गया है, अनाप-शनाप ही बोलते हैं

1/20/2022 4:38:17 PM

पटनाः शराबबंदी कानून को लेकर इन दिनों बिहार की राजनीतिक गरमाई हुई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता ही इस मुद्दे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कभी मांझी इस कानून को खत्म करने की मांग कर रहे हैं तो कभी संजय जायसवाल इसकी समीक्षा करने की बात कर रहे हैं। इसी बीच अब नीतीश सरकार में भाजपा कोटे से मंत्री नीरज कुमार बबलू ने हम अध्यक्ष जीतन राम मांझी पर निशाना साधा है।

नीरज कुमार बबलू ने मांझी के बयान पर कहा कि उम्र का असर हो गया है। वो जब भी बोलते हैंं, तो अनाप-शनाप ही बोलते हैं। मांझी जी का अपना मनमिजाज रहता है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल के समीक्षा वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि वो जो भी बोलते हैं सही बोलते हैं। जायसवाल हमेशा नपी-तुली और जायज बातें बोलते हैं।

वहीं एनडीए में मतभेद को लेकर नीरज कुमार ने आगे कहा कि एनडीए एकजुट है, गठबंधन में सबकुछ सामान्‍य है, किसी तरह को कोई मतभेद नहीं है। सभी दलों का अपना-अपना एजेंडा है, वे अपना एजेंडा रख सकते हैं।

Content Writer

Ramanjot