आधी रात को हाईवे पर मुठभेड़! पुलिस की जवाबी फायरिंग में 2 कुख्यात लुटेरे ढेर, पैर में लगी गोली

Wednesday, Mar 25, 2026-12:10 PM (IST)

Siwan Police Encounter: बिहार के सीवान जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में सीवान-पटना हाईवे पर लाहेजी गांव के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधियों के पैरों में गोली लगी है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंतरराज्यीय लुटेरे रोहित कुमार शर्मा (25 वर्ष) और रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु (19 वर्ष) के रूप में हुई है। 

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग 

घटना मंगलवार रात करीब 12:00 बजे की है। पुलिस कप्तान (SP) पूरन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि दो हथियारबंद अपराधी मोटरसाइकिल से सीवान से पटना की ओर भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने लाहेजी गांव के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देख अपराधियों ने भागने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उनका पीछा किया, तो लुटेरों ने उन पर चार राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर गए। 

अपराधियों का काला चिट्ठा 

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी रोहित कुमार शर्मा एक अंतरराज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हैदराबाद में हुई एक बड़ी ज्वेलरी लूट का मुख्य आरोपी है। सीवान के प्रसिद्ध 'अरुण ज्वेलर्स' और 'मनमोहित ज्वेलर्स' में हुई लाखों की डकैती में इसकी मुख्य भूमिका थी। बसंतपुर, खोरी पाकर और बगोरा में हुई लूट की वारदातों में भी पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी। दूसरा आरोपी रोहित कुशवाहा भी हालिया लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। 

हालत गंभीर, पटना रेफर 

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, पैर में गोली लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने और स्थिति चिंताजनक होने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया है। वर्तमान में दोनों अपराधी पुलिस की कड़ी निगरानी में उपचाराधीन हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static