मिडिल ईस्ट संघर्ष का शिकार हुआ बिहार का लाल, थाई जहाज पर हमले में इंजीनियर की मौत; परिवार में कोहराम

Friday, Mar 13, 2026-02:19 PM (IST)

Bihar Desk : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बिहार से एक दुखद खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय समुद्र में हो रहे हमलों ने बिहार के एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच भारत की ओर आ रहे एक थाई समुद्री जहाज पर हुए हमले में बिहार के भागलपुर जिले के एक इंजीनियर की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

भागलपुर जिले के रहने वाले थे इंजीनियर देवनंदन 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भागलपुर जिले के रानिबिमिया गांव के निवासी और मरीन इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इराक के बसरा बंदरगाह के पास एक जहाज पर हुए हमले में जान चली गई। देवनंदन प्रसाद सिंह जहाज पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे और एक अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी द्वारा संचालित तेल टैंकर पर ड्यूटी पर थे।परिवार के अनुसार देवनंदन अपनी पत्नी कुमकुम सिंह के साथ मुंबई में रहते थे। उनके दो बच्चे हैं—पुत्र क्षितिज कुमार और पुत्री कोमल कुमारी। दोनों विदेश में काम करते हैं, जिनमें से एक जर्मनी और दूसरा जापान में नौकरी कर रहा है।

अंतिम कॉल की यादें

देवनंदन के छोटे भाई कृष्ण नंदन ने बताया कि हमले से कुछ देर पहले ही उनकी बात हुई थी। उन्होंने संक्षिप्त बातचीत में कहा था, "अभी समुद्र में हूँ और ड्यूटी पर तैनात हूँ, बाद में कॉल करूँगा।" किसी ने नहीं सोचा था कि ये उनके आखिरी शब्द होंगे। अगले दिन शिपिंग कंपनी की सूचना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।

नेताओं ने परिवार से मुलाकात की

सूचना मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार समेत कई स्थानीय नेता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा एनडीए परिवार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की मांग

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि देवनंदन प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर को विशेष विमान से भागलपुर लाया जाए और उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाए। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static