चिराग पासवान का दावा- बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा का मध्यावधि चुनाव होना तय

8/7/2021 10:48:51 AM

मुजफ्फरपुरः लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान (चिराग गुट) ने कहा कि बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा का मध्यावधि चुनाव होगा तो उसमें गठबंधन की सरकार बनाने में उनकी पार्टी की अहम भूमिका होगी।

चिराग पासवान ने शुक्रवार को अपने आशीर्वाद यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभी स्पष्ट नहीं है कि उनकी पार्टी का गठबंधन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के साथ होगा या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ। हालांकि बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा का मध्यावधि चुनाव होना तय है और उसमें गठबंधन की सरकार बनाने में उनकी पार्टी की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस का दावा करते हैं लेकिन राज्य के लोग किसी भी चीज से त्रस्त हैं तो वह है क्राइम और करप्शन।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री कुमार को राज्य के लोगों ने इस बार के विधानसभा चुनाव में जनादेश नहीं दिया है लेकिन किसी के आशीर्वाद से वह मुख्यमंत्री बने हुए हैं। यदि जनादेश मिला होता तो विधानसभा में उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) तीसरे नंबर की पार्टी नहीं बनती। वर्तमान सरकार की नीतियों को लेकर लोगों में खासा आक्रोश है जो उनकी आशीर्वाद यात्रा के दौरान देखने को जगह-जगह मिल रहा है।

Content Writer

Ramanjot