Bihar Weather News: बिहार में 5 स्थानों पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार, लगभग 68 प्रखंडों में "लू" जैसी स्थिति

Saturday, Apr 15, 2023-04:07 PM (IST)

पटनाः बिहार के निवासियों के लिए ‘लू' जैसी स्थिति से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है क्योंकि राज्य में कम से कम पांच स्थानों पर पारा 43 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर गया है। बिहार मौसम सेवा केंद्र (बीएमएसके) द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, 24 अप्रैल तक राज्य में भीषण गर्मी की स्थिति बने रहने की संभावना है। 

5 स्थानों पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक
बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज ने शनिवार को बताया, ‘‘लोगों को सलाह दी जाती है कि वे गर्मी के प्रकोप और निर्जलीकरण से बचें।'' उन्होंने कहा कि उनका विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए है। इसके अलावा, जिलाधिकारियों को भी अपने जिलों में स्थिति की निगरानी करने की सलाह दी गई है। बिहार के नौ जिलों में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया, वहीं पांच स्थानों पर अधिकतम दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। रोहतास के डेहरी प्रखंड, गया के खिजरसराय प्रखंड और नवादा जिले के वारिसलीगंज में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नालंदा में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अरवल में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। 

स्कूलों में 11ः45 बजे के बाद नहीं होगी पढ़ाई
बिहार के औरंगाबाद जिले में 42.8 डिग्री सेल्सियस, जमुई और भोजपुर 42.6 डिग्री सेल्सियस, सीवान 42. 5 डिग्री सेल्सियस, सारण 42.3 डिग्री सेल्सियस और पटना 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बिहार के गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, अरवल, भोजपुर, जहानाबाद, रोहतास, बेगूसराय, गया, लखीसराय, नालंदा, नवादा, पटना, बांका और मुंगेर में लगभग 68 प्रखंड में लू जैसी स्थिति है। पटना जिला प्रशासन ने शुक्रवार को राज्य की राजधानी में सभी स्कूल प्राधिकारियों को स्कूलों के समय में संशोधन करने और छात्रों को ‘हीट स्ट्रोक' से बचाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में सुबह 11.45 बजे के बाद सभी कक्षाओं (प्री-स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित) के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static