जिम ट्रेनर की तरह बिहार में एक साल के अंदर हुए कई खूनी खेल, लव अफेयर में गई 285 लोगों की जान

9/26/2021 12:29:52 PM

पटनाः बिहार में कोरोना काल के दौरान भले ही अपराधिक घटनाओं मेें कमी आई है, लेकिन प्रेम-प्रसंग एवं अवैध संबंधों के चलते कई खूनी खेल हुए हैं। एक साल के अंदर 285 लोगों को प्रेम-प्रसंग के चलते मौत मिली है।

अवैध संबंधों में हत्याएं नहीं थमी
NCRB के आंकड़ों की बात करें तो बिहार में 2020 में लव अफेयर के चलते 170 लोगों की हत्या हुई है। वहीं अवैध संबंधों में 115 लोगों की जान गई है। इसमें महिला और पुरुष दोनों शामिल है। इसमें कई लोगों की प्रेमी प्रमिका द्वारा ही हत्या की गई है तो कुछ लोगों का सुपारी देकर मर्डर करवाया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में 2020 में अपराध का ग्राफ तो घटा है लेकिन अवैध संबंधों या प्रेम-प्रसंग में हो रही हत्याओं में कोई कमी नहीं देखी गई।

जिम ट्रेनर की घटना ने मचाई हलचल 
इसी बीच जिम ट्रेनर पर फायरिंग की घटना ने बिहार में हड़कंप मचा दिया है। जिम ट्रेनर पर हुई फायरिंग मामले की जांच की गई तो मामला अवैध संबंध का निकला। पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि ये हमला जेडीयू के पूर्व चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार सिंह की पत्नी खुशबू ने ही करवाया था। इसके लिए उसने अपने पूर्व प्रेमी से संपर्क किया था, जिसने एक शूटर का बंदोबस्त किया।

पहले प्यार फिर दूरी बनाने के लिए किया ये काम
शुरूआती जांच में पता चला कि जिम ट्रेनर विक्रम और खुशबू पहले से एक-दूसरे को जानते थे एवं घंटों पर फोन पर बात किया करते थे। दोनों की कुछ तस्वीरें भी सामने आई, जिससे पता चलता है कि दोनों काफी करीब थे। बाद में खुशबू ने विक्रम से दूरी बनाने के लिए यह प्लान बनाया। इसके लिए उसने अपने पहले प्रेमी मिहिर से संपर्क किया और उसके जरिए अमन नाम के शूटर को सुपारी दे दी। दो महिने तक रेकी करने के बाद शूटर ने इस घटना को अंजाम दिया।

Content Writer

Ramanjot