सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंचे मनोज तिवारी, कहा- सच्चाई सामने आने तक करेंगे संघर्ष

6/22/2020 2:47:01 PM

पटनाः भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह के बाद अब भाजपा सांसद और भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पटना स्थित आवास पर पहुंचे। वहीं भावुक हुए मनोज तिवारी ने परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने आने तक वह संघर्ष करेंगे।

मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाना सच्ची श्रद्धांजलि
मनोज तिवारी ने सुशांत की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिजनों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सुशांत का असमय चला जाना बेहद दुखदाई है लेकिन उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाएं। वहीं भोजपुरी स्टार ने भी बॉलीवुड माफिया पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सुशांत के साथ बहुत गलत हुआ है। इस मामले में पूरी जांच होनी चाहिए और दोषियों का चेहरा सामने आना चाहिए।

छोटे शहरों से मुंबई जाने वालों के साथ किया जाता है भेदभाव
बता दें कि एयरपोर्ट पहुंचे मनोज तिवारी ने कहा कि छोटे शहरों से मुंबई या बॉलीवुड में जाने वाले लोगों के साथ भेदभाव किया जाता है। सुशांत भी इसी के शिकार हुए हैं। सुशांत के साथ जो कुछ हुआ है वह इस बात का सबूत है कि बॉलीवुड में उनके साथ भेदभाव किया जा रहा था।

Nitika