'लता मंगेशकर का निधन...देश ने अपना सबसे अमूल्य रत्न खो दिया, जिसकी भरपाई सदियों तक संभव नहीं'

2/6/2022 11:46:16 AM

 

पटनाः बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही कहा कि उनका निधन भारत के इतिहास के पन्नों पर संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

मांझी ने कहा कि लता मंगेशकर जी के निधन की खबर से पूरा देश में शोक की लहर है। हमें विश्वास नहीं होता कि वह आज हम सब को छोड़कर चली गई। उनके निधन से मानो देश ने अपना सबसे अमूल्य रत्न खो दिया, जिसकी भरपाई सदियों तक संभव नहीं। उन्हें हमारी नमन श्रद्धांजलि। वहीं भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर बिहार सरकार में मंत्री व हम के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉक्टर संतोष कुमार सुमन, पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दानिश रिजवान, विधायिका ज्योति मांझी, विधायक प्रफुल्ल मांझी, अमरेंद्र कुमार त्रिपाठी आदि हम नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया है।

बता दें कि केन्द्र सरकार ने स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर उनके सम्मान में देश भर में 2 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। उनका अंतिम संस्कार भी राजकीय सम्मान के साथ ही किया जाएगा।

Content Writer

Nitika