मदन सहनी के आरोपों से मांझी भी सहमत, कहा- मंत्रियों की बातों को तरजीह नहीं देते अधिकारी

7/2/2021 10:59:14 AM

पटनाः बिहार के समाज कल्याण मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश करने वाले मदन सहनी के अफसरशाही को लेकर लगाए गए आरोपों को सही बताकर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने दिल्ली से गुरुवार को लौटने के बाद जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि सहनी ने इस्तीफे की पेशकश की है। हालांकि उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि बिहार में विधायकों और कई मंत्रियों की बातों को अधिकारी तरजीह नहीं देते।

हम के अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधानमंडल दल की बैठक में भी उन्होंने इस मामले को उठाया था। सहनी ने जो कहा है वह आंशिक रूप से सही है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून की समीक्षा होनी चाहिए। अमीर लोग शराब पी रहे हैं और गरीब लोगों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Content Writer

Ramanjot