Bharat Jodo Yatra: मल्लिकार्जुन खड़गे ने BJP पर लगाया झगड़े कराने का आरोप, कहा- हमारा काम जोड़ना है

1/6/2023 11:13:35 AM

बांका, Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर झगड़े कराने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार मजबूत रहे और इसके लिए जरूरी है कि इसमें सबके सम्मान की रक्षा हो। 

"महागठबंधन में सबके स्वाभिमान की रक्षा हो" 
मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को बिहार में बांका से ‘भारत जोड़ो यात्रा' का शुभारंभ करने के बाद कहा कि महागठबंधन की सरकार मजबूत हो। इसमें सबके स्वाभिमान की रक्षा हो, सबको जगह मिले। उन्होंने कहा, 'भाजपा लड़ाई कराती है। हमारा काम जोड़ना है। जोड़ने के लिए ही बिहार में 1200 किलोमीटर की यात्रा की जा रही है।' खड़गे ने बिहार दुनिया को रोशनी देने वाला राज्य है लेकिन यहां की आर्थिक स्थिति कमजोर है। रोजगार के साधन कम हैं। कारखाने नहीं हैं। काम की तलाश में यहां के लोगों को पलायन करना पड़ता है। इसका समाधान निकालना होगा।

PunjabKesari

"कांग्रेस की यात्रा मंहगाई और बेरोजगारी के विरुद्ध"
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंहगाई और बेरोजगारी के विरुद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। क्या यह पूरा हुआ। कन्याकुमारी से कश्मीर तक देश में 50 लाख पद खाली हैं। युवाओं को स्थाई बहाली चाहिए। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अग्निवीर में चार वर्ष देश की सेवा करने के बाद युवा क्या पकोड़े तलेंगे। 

PunjabKesari

बांका जिले से की गई भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत
बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लाकार्जुन खड़गे गुरुवार से बिहार के बांका जिले से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर बिहार कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मल्लाकार्जुन खड़गे सबसे पहले मंदार के तराई में अवस्थित पापहरणी सरोवर में बने अष्टकमल लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचे और यहां पूजा-अर्चना की। इसके बाद खड़गे ने दीप जलाकर यात्रा की शुरुआत की। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आगमन को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद, भागलपुर विधायक सह बिहार विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static