BJP का तंज- अंतिम सांसें गिन रहा महागठबंधन, मैदान छोड़ भाग रहे महारथी

10/4/2020 10:34:15 AM

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में सीटों की घोषणा से नाराज विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने इसे अपने साथ धोखा बताते हुए महागठबंधन से नाता तोड़ लिया। इस पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने कटाक्ष करते हुए कहा कि रण क्षेत्र में उतरने से पहले ही महारथियों का मैदान छोड़ना साबित करता है कि यह गठबंधन अब अंतिम सांसें गिन रहा है।

भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय (Mangal Pandey) ने शनिवार को कहा कि रण क्षेत्र में उतरने से पहले ही महागठबंधन के महारथी मैदान छोड़ भाग रहे हैं। यही नहीं, उपेक्षित नेता महागठबंधन के डीएनए में ही गड़बड़ी बता रहे हैं। वीआईपी (VIP) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सीटों की घोषणा नहीं होने से जो विद्रोह की स्थिति बनी हुई है, वह महागठबंधन के एकजुट रहने पर सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के संवाददाता सम्मेलन में ही वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी के महागठबंधन से अलग होने की घोषणा एवं वहां उत्पन्न परिस्थिति साबित करती है कि महागठबंधन अंतिम सांस ले रहा है।

मंगल पांडेय ने कहा कि सीट बंटवारे में अतिपिछड़ा और अनुसूचित जनजाति की उपेक्षा यह दर्शाता है कि महागठबंधन में ऐसे तबकों के लिए कोई जगह नहीं है। यही वजह है कि अभी तो साथी दल नेता प्रतिपक्ष की हठधर्मिता से अलग हुए हैं, चुनाव बाद नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी भी जनता छीन लेगी। राजद का भविष्य अंधकार में है। चुनाव के पूर्व ही ‘लालटेन' (राजद का चुनाव चिन्ह) का तेल खत्म होने लगा है।

Ramanjot