कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति से देश को उठाना पड़ा काफी नुकसानः नंदकिशोर यादव

10/30/2021 10:36:25 AM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति से देश को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। 

"कांग्रेस के लोग हमेशा दोहरी नीति अपनाते रहे"
नंदकिशोर यादव ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति से देश को काफी नुकसान उठाना हुआ है। उन्होंने कहा कि हिंसा हर हाल में निंदनीय है। हिंसा करने वाला चाहे जिस किसी जाति और धर्म का हो, उसकी पहचान अपराधी के रूप में ही होनी चाहिए। लेकिन, यह बहुत दुखद है कि कांग्रेस के लोग इस पर हमेशा दोहरी नीति अपनाते रहे।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कश्मीर में आतंकियों द्वारा बिहार के लोगों की हत्या हुई, इस पर संवेदना के दो शब्द के लिए ‘कांग्रेस के युवराज' के मुंह नहीं खुले। बंग्लादेश में हिन्दुओं के मंदिर तोड़े गए, इस्कॉन मंदिर पर हमला हुआ, इस पर कांग्रेस के किसी नेता के मुंह नहीं खुले। कांग्रेस की ‘शाहजादी' ने उनके परिवारों से मिलना मुनासिब नहीं समझा, जिनकी हत्या लखीमपुर-खीरी में पीट-पीटकर कर दी गई। इनके लिए कांग्रेसियों की आंखों से संवेदना के दो बुंद आंसू क्यों नहीं गिरे। 

"कांग्रेस को आईना नहीं, अपना चेहरा साफ करना चाहिए" 
नंदकिशोर ने कहा कि त्रिपुरा की घटना पर ‘कांग्रेस के युवराज' हाय-तौबा मचा रहे हैं। त्रिपुरा में भाजपा की और जनता के भरोसे की सरकार है। भाजपा सरकार कभी दोहरी नीति नहीं अपनाती, दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आईना नहीं, अपना चेहरा साफ करना चाहिए। धर्मनिरपेक्षता के नाम पर हमेशा पाखंड करने वाली कांग्रेस ने हमेशा लोगों को गुमराह कर अपना स्वार्थ साधा है।

News Editor

Ramanjit Singh