लंदन की तरह बिहार में भी खुला Wax Museum, अंदर का नजारा देख नहीं होगा यकीन! कई हस्तियों के लगे स्टैच्यू

5/25/2023 2:27:00 PM

पटनाः विश्व विख्यात मैडम तुसाद संग्रहालय की तरह बिहार का पहला वैक्स म्यूजियम बनकर तैयार हो गया है। इस वैक्स म्यूजियम में बॉलीवुड-हॉलीवुड के कलाकार, क्रिकेटर और महापुरुषों सहित कई हस्तियां की आदमकद मूर्तियां रखी गई हैं। वहीं, यह म्यूजियम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।



म्यूजियम में महान कलाकारों का स्टेच्यू
इन मूर्तियों की खासियत यह भी है कि उनकी लंबाई उतनी ही है जितना इन महान विभूतियों की वास्तविक लंबाई थी। ये वैक्स म्यूजियम पटना के लोदीपुर स्थित अंबुजा नियोतिया सिटी सेंटर मॉल परिसर बनाया गया है। इस वैक्स म्यूजियम के 3 फ्लोर हैं। पहले फ्लोर पर बॉलीवुड हॉलीवुड की थीम बनाई गई है, जहां सुशांत सिंह राजपूत और सोनाक्षी सिन्हा की मोम से बनी हुई आदमकद मूर्ति रखी गई हैं। वहीं, दिलेर मेहंदी माइकल जैकसन, सचिन तेंदुलकर और बिहार-झारखंड की शान महेंद्र सिंह धोनी भी आपको इस फ्लोर पर नजर आ जाएंगे।



दूसरे फ्लोर पर लगाए गए हैं कई हस्तियां के मोम के पुतले
वैक्स म्यूजियम के दूसरे फ्लोर पर स्वर कोकिला लता मंगेशकर, बिस्मिल्लाह, जयप्रकाश नारायण, महात्मा गांधी, बिरसा मुंडा समेत कई हस्तियां के मोम के पुतले लगाए गए हैं। इसके साथ ही सुपर थर्टी के संस्थापक आनंद कुमार का भी स्टैच्यू आपको यहां नजर आएगा।



म्यूजियम में कई महान महापुरुषों की भी मूर्तियां
म्यूजियम के तीसरे फ्लोर पर महापुरुषों की थीम बनाई गई है, जहां पर गुरु गोविंद सिंह, बाबू वीर कुंवर सिंह, सम्राट अशोक, आर्यभट्ट, चाणक्य, शेरशाह सूरी, भगवान बुद्ध समेत कई महापुरुषों के मोम से बनी मूर्तियां हैं। इसके अलावा 2 स्टेच्यू म्यूजियम के बाहर है। इनमें एक स्टेच्यू फिल्म अभिनेता ऋतिक रोशन का है, जो लोगों का अभिवादन करने की मुद्रा में है और दूसरा स्टैच्यू अभिनेत्री कैटरीना कैफ का है।



म्यूजियम में रविवार को छोड़कर रोजाना होंगे 19 शो
म्यूजियम प्रबंधक ने कहा कि इस म्यूजियम में रविवार को छोड़कर रोजाना 19 शो होंगे, जिसमें एक शो 40 मिनट का होगा। एक शॉर्ट में अधिकतम 15 व्यक्ति ही जा सकते हैं और उनके साथ एक गाइड रहेगा, जो म्यूजियम में उन्हें अंदर प्रवेश कराएगा और सीधे लिफ्ट से तीसरे माले पर ले जाएगा।

 

Content Editor

Swati Sharma