बिहार विधानसभा का स्थापना दिवसः लोकसभा अध्यक्ष ने प्रबोधन कार्यक्रम का किया उद्घाटन

2/17/2022 12:50:28 PM

पटनाः बिहार में आज विधानसभा भवन का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पटना में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार विधान सभा डिजिटल टीवी और बिहार विधान सभा पत्रिका का शुभारंभ भी होगा।


प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन लोक सभा सचिवालय के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) द्वारा बिहार विधान सभा सचिवालय के समन्वय से बिहार विधान सभा और बिहार विधान परिषद के सदस्यों के लिए किया गया है। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा सहित कई अन्य विशिष्टजन मौजूद हैं।

 


प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्यों को विधायिका की कार्यप्रणाली और विधायिका की संवैधानिक भूमिका और सर्वोच्च प्रतिनिधि संस्था के रूप में इसके दर्जे से सुपरिचित कराना है। कार्यक्रम में सदस्यों को कार्य प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, प्रथाओं और शिष्टाचार की जानकारी देने पर भी जोर दिया जाएगा।


बता दें कि विधान सभा के सदस्यों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम की शुरुआत 1981 में अरुणाचल प्रदेश विधान सभा के सदस्यों के लिए आयोजित कार्यक्रम के साथ की गई थी जिसका उद्घाटन तत्कालीन लोक सभा अध्यक्ष, डॉ. बलराम जाखड़ ने किया था। 1981 से अब तक कुल 59 प्रबोधन पाठ्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं जिनमें 4000 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया है। 59 पाठ्यक्रमों में से 32 पाठ्यक्रम राजधानी दिल्ली में और शेष कार्यक्रम राज्यों की राजधानियों में आयोजित किए गए हैं।

Content Writer

Ramanjot