राजभवन मार्चः पुलिस लाठीचार्ज में लोजपा-रामविलास के कई कार्यकर्ता घायल, मची भगदड़

2/15/2022 7:30:24 PM

पटनाः बिहार में एनडीए सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा- रामविलास) के राजभवन मार्च के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए, जबकि सांसद चिराग पासवान को हिरासत में ले लिया गया।

लोजपा-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, पूर्व सांसद अरुण कुमार, पूर्व सांसद रेणु देवी और पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडे के नेतृत्व में मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक गांधी मैदान से राजभवन मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में शामिल पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेताओं को देखकर काफी उत्साह में थे और रुक-रुक कर सरकार विरोधी नारेबाजी करते रहे।

सांसद चिराग पासवान अपने समर्थकों के साथ राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान से चलकर राजभवन तक जाना चाहते थे। मार्च के डाकबंगला चौराहा पहुंचते ही पहले से वहां मुस्तैद पुलिस और सामान्य प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ गए। इसके बाद आयकर चौराहा के निकट पुलिस ने मार्च को रोकने की कोशिश की लेकिन उत्साहित कार्यकर्ता नहीं माने और नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे।

इसके बाद पासवान के नेतृत्व में मार्च हड़ताली मोड़ के पास पहुंच गया। पुलिस के काफी समझाने पर भी जब कार्यकर्ता नहीं माने तब वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज किया गया। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। इससे हड़ताली मोड़ के निकट बेली रोड पर कुछ देर के लिए भगदड़ की स्थिति बनी रही।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static