नेता प्रतिपक्ष का मुख्यमंत्री पर हमला- मोकामा में उपचुनाव की स्थिति का कारण खुद नीतीश और ललन हैं

11/1/2022 1:51:45 PM

 

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): बिहार में 3 नवंबर को मोकामा और गोपालगंज सीट पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोकामा उपचुनाव में प्रचार करने नहीं गए। इस पर नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार का घेराव किया है।

नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज जो मोकामा में उपचुनाव की स्थिति है, उसका कारण खुद नीतीश कुमार और ललन सिंह हैं। उन्होंने ही पहले अनंत सिंह को जेल भिजवाया, फिर उनकी सदस्यता खत्म करवाई। ऐसे में अब नीतीश कुमार किस मुंह से उनकी पत्नी के लिए वोट मांगने के लिए चुनाव प्रचार करने जाते, इसलिए उन्होंने खुद को किनारे कर लिया।

वहीं विजय सिन्हा ने कहा कि गोपालगंज में भी यही हाल है। यहां राजद ने एक ऐसे व्यक्ति मोहन गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है, जो कि सबसे बड़ा शराब माफिया है। खुद नीतीश कुमार की पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। नीतीश कुमार के शराबबंदी पर जीरो टालरेंस और अपराध पर जीरो टालरेंस की नीति की राजद ने धज्जियां उड़ा दी है और मुख्यमंत्री जी सब देखने के लिए मजबूर हैं।

Content Writer

Nitika