कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से आए बाहुबली नेता अनंत सिंह ने किया नामांकन, मोकामा से भरा पर्चा

10/7/2020 4:34:12 PM

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में बाहुबली नेता अनंत सिंह ने राजद के प्रत्याशी के रूप में बुधवार को पटना जिले के बाढ़ के अनुमंडल कार्यालय में मोकामा विधानसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया।

गौरतलब है कि सिंह घर से एके-47 मिलने के मामले में पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। वह जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच कैदी वैन में बाढ़ पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस के जवान थे। अहम बात यह रही कि उन्हें नामांकन रद्द होने का भय भी सता रहा है। इसीलिए उन्होंने मोकामा सीट से पत्नी नीलम देवी के भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल करवा दिया है।

दरअसल उनका भय लाजमि है। यह डर इसलिए है कि उनपर कई तरह के संगीन अपराध के मामले चल रहे हैं। ऐसे में किसी एक या कई मामलों की वजह से चुनाव आयोग उनका नामांकन रद्द कर सकता है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए अनंत ने अपनी पत्नी नीलम देवी को भी मैदान में उतारा है। अगर स्क्रूटनी में अनंत सिंह का नामांकन पास नहीं हुआ तो नीलम देवी चुनाव लड़ेंगी और महागठबंधन उन्हें सपोर्ट करेगा। अगर अनंत सिंह का नामांकन खारिज नहीं होता है तो उनकी पत्नी नीलम देवी अपना नाम वापस ले लेंगी।

 

Moulshree Tripathi