लालू यादव का 74वां जन्मदिन आज... गरीबों को भोजन करवाएगी RJD, तेज प्रताप लगाएंगे 74 पौधे

6/11/2021 10:11:37 AM

पटनाः राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का आज 74वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लेकिन, तबीयत ज्यादा अच्छी न होने के कारण लालू यादव अपना जन्मदिन दिल्ली में ही मनाएंगे। हालांकि, उनके बड़े बेटे तजप्रताप पटना में आयजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव दिल्ली में उनके साथ होंगे और बड़े बेटे तेजप्रताप यादव इस खास दिन पर 74 पौधे लगाएंगे। वहीं पटना में पार्टी की तरफ से गरीबों को भोजन कराया जाएगा और युवा राजद की ओर से ब्लड डोनेशन कैंप लगाया जाएगा। राजद नेताओं का कहना है कि लालू प्रसाद का जन्मदिन सादगीपूर्ण तरीके से सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय के पीछे स्थित कमल नेहरू नगर के बच्चों को कॉपी, पेंसिंल आदि बांटे जाएंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पत्र जारी कर पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक लालू रसोई द्वारा गरीबों को भोजन कराया जाए। 

युवा कार्यकर्ता लगाएंगे ब्लड डोनेशन कैंप 
वहीं वीरचंद पटेल स्थित राजद कार्यालय में युवा कार्यकर्ता द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए IGIMS ब्लड बैंक की टीम यहां आएगी। ब्लड डोनेशन कैंप का उद्घाटन तेज प्रताप यादव करेंगे। इसके अतिरिक्त तेज प्रताप यादव के आवास 2M स्ट्रैंड रोड में 74 पौधे लगाए जाएंगे। बता दें कि पटना के चौक-चौराहों पर लालू यादव के जन्मदिन को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें उनकी जीवनी को दिखाया गया है।

Content Writer

Ramanjot