सनकी पति ने तबाह किया परिवार, पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट; चार बच्चों से छीना मां का साया

Tuesday, Mar 17, 2026-04:35 PM (IST)

Bihar Crime News : बिहार के किशनगंज जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

विवाद के बाद खूनी खेल

जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज प्रखंड के गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भातगांव पंचायत का है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद आलम का अपनी पत्नी जोहरा खातून के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार की देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आलम ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से जोहरा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि जोहरा की मौके पर ही मौत हो गई।

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका जोहरा खातून का मायका गुलशन बिठा में था। आलम और जोहरा के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल है। पिता के हाथों मां की हत्या और फिर पिता के फरार हो जाने के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की जानकारी मिलते ही गलगलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया है। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी पति मोहम्मद आलम वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है। पुलिस की एक विशेष टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static