दरभंगाः खाद आपूर्ति समेत विभिन्न मांगो को लेकर किसान सभा ने दिया महाधरना

12/9/2021 12:12:46 PM

दरभंगाः अखिल भारतीय किसान सभा ने खाद की आपूर्ति सहित विभिन्न मांगो को लेकर बुधवार को यहां महाधरना दिया।

इस मौके पर किसान सभा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राम कुमार झा ने कहा कि जिले के किसानों की हालत पिछले तीन वर्षों से बाढ़, सुखाड़, ओलावृष्टी के कारण दयनीय बनी हुई है। वर्ष 2018-19 से 21-22 तक रैयत किसानों का सहकारिता बीमा का भुगतान लंबित है। वर्ष 2020 एवं 2021 के बाढ़ में हनुमाननगर प्रखंड एवं बहादुरपुर के आम के बगीचा वाले किसानों का बड़ी संख्या में फलदार वृक्ष सुख गया, जिसका आजतक जाँच भी नहीं कराया गया। वर्ष 2021 के बाढ़ में खरीफ एवं धान का फसल हनुमाननगर, बहादुरपुर के छह पंचायत, हायाघाट के दो पंचायत एवं बिरौल अनुमंडल के लगभग सभी प्रखंडों में बर्बाद हो गया है। लेकिन आज तक सरकार द्वारा फसल क्षति पूर्ति छ: महीने के बाद भी जिला में कहीं भुगतान नहीं हुआ है।

झा ने कहा कि वर्तमान में रासायनिक खाद की कमी के कारण किसान परेशान है। कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठान खाद चुरा के रखे हुए हैं और मनमानी दर पर 1300 रुपए से दो हजार रुपए तक बेच रहा है। इसीलिए किसान बाध्य होकर चरणबद्ध आंदोलन को मजबूर हुआ है। धरना को किसान सभा के पूर्व जिला महासचिव नारायण झा, पूर्व जिला अध्यक्ष अहमद अली तमन्ने, किसान नेता रामयाद महतो, शत्रुघ्न झा समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

Content Writer

Ramanjot