BJP MLA विनय बिहारी के खिलाफ पटना में FIR दर्ज, कॉलेज छात्रा को अगवा करने का लगा आरोप

2/13/2022 5:59:08 PM

पटनाः बिहार के लौरिया से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विनय बिहारी और उनकी पत्नी चंचला बिहारी के साथ ही एक अन्य के खिलाफ पटना के अगमकुआं थाना में कॉलेज छात्रा के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर विधायक, उनकी पत्नी और एक समर्थक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार मामला बीते 09 फरवरी का है, जब उक्त थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड स्थित प्रोगेसिव कॉलोनी निवासी ब्रजेश कुमार की 25 वर्षीय पुत्री पटना के कॉलेज ऑफ कॉमर्स में परीक्षा देने के लिए गई हुई थी लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे तक वह वापस नहीं लौटी।

इसके अलावा प्राथमिकी में कहा गया है कि उनकी पुत्री जो परीक्षा देने गई थी, उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। लगभग तीन बजे उनकी पुत्री के नंबर से एक मैसेज आया और फोन पर बात करने की बात कही गई। जिस पर कॉल करने से बात सीधे लौरिया विधायक से हुई। विधायक ने उस समय एक घंटे बाद कॉल करने के लिए कहा। प्राथमिकी में कहा गया है कि एक घंटे के बाद कॉल करने पर विधायक बिहारी ने बताया कि उनकी पुत्री सुरक्षित है।

पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक जिसके पास जाना है, जाइए। लड़की मेरे साले राजीव सिंह के पास है। इसके अलावा प्राथमिकी में छात्रा के साथ गलत होने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में लगी है।

Content Writer

Ramanjot