बेऊर जेल में कदम रखते ही फूट-फूट कर रोने लगी खुशबू सिंह, खाना खाने से भी किया इनकार

9/25/2021 1:26:29 PM

पटनाः जिम ट्रेनर विक्रम सिंह राजपूत पर फायरिंग करने के आरोप में पटना के फेमस फिजियोथेरेपिस्ट राजीव कुमार सिंह व उनकी पत्नी खुशबू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही खुशबू सिंह के पूर्व प्रेमी मिहिर सिंह व कांट्रेक्ट किलर अमन, आर्यन व शमशाद को भी गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेजा गया है। पुलिस टीम जैसे ही सभी को लेकर बेऊर जेल पहुंची तो जेल में कदम रखते ही खुशबू सिंह फूट-फूट कर रोने लगी। 

जब फूट-फूट कर रोने लगी खुशबू
दरअसल, सभी आरोपियों को आमद वार्ड के अलग-अलग खंडों में बंद किया गया है। जब गुरुवार रात 8.30 बजे इनको बेऊर जेल लाया गया तो वहां भी कोरोना की एंटीजन टेस्ट कराई गई। हालांकि, सभी की कोरोना जांच नेगेटिव आई। वहीं जेल खुशबू सिंह ने जब जेल के अंदर कदम रखा तो फूट-फूट कर रोने लगी। इस दौरान महिला सिपाहियों ने खुशबू सिंह को संभाला। लेकिन खुशबू सिंह ने जेल प्रशासन द्वारा दिया गया खाना खाने से इनकार कर दिया। उधर, खुशबू के पति भी बेहद मायूस थे। दोनों को पूरी रात नींद भी नहीं आई। इसके बाद शुक्रवार को दोनों की काउंसलिंग कराई गई, जब जाकर उन्होंने खाना खाया। 

जिम ट्रेनर पर खुशबू ने ही चलवाई थी गोली
बता दें कि खुशबू सिंह के पति राजीव कुमार पहले जदयू मेडिकल सेल के राज्य उपाध्यक्ष के पद पर थे, लेकिन हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया। वहीं पुलिस ने मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि जिम ट्रेनर पर गोली खुशबू ने ही चलवाई थी। इसके लिए उसने अपने पूर्व प्रेमी से संपर्क किया था, जिसने एक शूटर का बंदोबस्त किया था। विक्रम और खुशबू पहले से एक-दूसरे को जानते थे और घंटों फोन पर बातें किया करते थे। फिलहाल पुलिस ने खुशबू सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Content Writer

Ramanjot