4 साल पहले दोस्त की पत्नी से की थी लव मैरिज, अब गांव लौटा युवक तो सीने में दागी गोलियां; खौफनाक हत्याकांड से फैली दहशत

Thursday, Mar 19, 2026-11:40 AM (IST)

Bihar Crime News : बिहार के खगड़िया जिले में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। यहां एक शख्स को उसके पुराने दोस्त ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसने उसकी पूर्व पत्नी से प्रेम विवाह किया था।

जानें पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, वारदात खगड़िया जिले के मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र स्थित रहमतपुर गांव की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय बॉबी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बॉबी के पुराने दोस्त ने अपने भाइयों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया, क्योंकि बॉबी ने उसकी पूर्व पत्नी से प्रेम विवाह किया था। बॉबी कुमार दिल्ली में रहकर काम करता था और हाल ही में अपने पिता की बरसी में शामिल होने गांव आया था। बुधवार को वह किसी काम से मड़ैया बाजार के लिए घर से निकला था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। तीन गोलियां लगने के कारण बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी राजा कुमार की शादी 6 साल पहले फूल कुमारी से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था, जिसके बाद वे अलग हो गए। इसी बीच बॉबी और फूल कुमारी के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 4 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। राजा इस शादी से गुस्से में था और लगातार बॉबी को जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

दहशत में गांव, आरोपी फरार

हत्या की इस घटना के बाद रहमतपुर गांव में मातम और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी राजा कुमार और उसके भाई फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही मड़ैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश का लग रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static