LJP से JDU में आए केशव सिंह ने चिराग पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट में दर्ज करवाया मुकदमा

4/8/2021 6:45:35 PM

 

पटनाः बिहार में हाल ही में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने चिराग पासवान को झटका देते हुए उनके एकमात्र विधायक राजकुमार सिंह को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। वहीं अब लोजपा छोड़ जदयू में शामिल हुए केशव सिंह ने चिराग पासवान पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है।

जानकारी के अनुसार, केशव सिंह ने चिराग पासवान पर बिहार विधानसभा चुनाव में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पटना सिविल कोर्ट में मुकदमा दर्ज करवा दिया है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव में कई नेताओं को प्रत्‍याशी बनाने का भरोसा दिलाया था। इसके लिए उनके सामने 25 हजार लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने और विज्ञापन के लिए 2-2 लाख रुपए पार्टी फंड में जमा करने की शर्त रखी गई थी। वहीं केशव सिंह के अनुसार, लोजपा के 94 नेताओं ने चिराग पासवान के वादे पर भरोसा कर पार्टी के लिए सदस्य बनाए और अपने-अपने स्तर से मांगी गई राशि दी, लेकिन अधिकांश को निराशा हाथ लगी।

चिराग पासवान ने लोजपा के केवल 2 दर्जन नेताओं को ही विधानसभा चुनाव में प्रत्‍याशी बनाया। इसके अतिरिक्त अन्य प्रत्‍याशी बाहरी लोगों को बना दिया। बता दें कि लोजपा के प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने केशव सिंह के आरोप को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि केवल मीडिया में बने रहने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिखाने के लिए वे चिराग पासवान पर झूठा आरोप लगा रहे हैं।
 

Content Writer

Nitika