जेडीयू को बड़ा झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी
Tuesday, Mar 17, 2026-02:53 PM (IST)
Bihar Politics : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्य प्रवक्ता केसी त्यागी ने पार्टी छोड़ दी है। त्यागी ने स्पष्ट किया है कि वे अब दोबारा जेडीयू की सदस्यता नहीं लेंगे। उन्होनें अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं करवाया।
इस्तीफे में याद किया पार्टी का सफर
पार्टी नेतृत्व को भेजे गए अपने पत्र में केसी त्यागी ने जेडीयू के गठन के दिनों को याद किया। उन्होंने लिखा कि 30 अक्टूबर 2003 को जब समता पार्टी और जनता दल का विलय हुआ था, तब जॉर्ज फर्नांडिस अध्यक्ष थे और वे खुद महासचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे। त्यागी ने शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ काम करने के अपने लंबे अनुभवों को भी साझा किया। हालांकि, उन्होंने यह साफ किया कि नीतीश कुमार के प्रति उनका व्यक्तिगत सम्मान हमेशा बना रहेगा।
22 मार्च को होगी समर्थकों के साथ बड़ी बैठक
अपनी भविष्य की योजनाओं का संकेत देते हुए त्यागी ने बताया कि 22 मार्च को उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर मंथन किया जाएगा। त्यागी ने लिखा, "मैं अपने साथियों के साथ चर्चा करने के बाद जल्द ही अपनी नई राजनीतिक रणनीति की घोषणा करूँगा।"
उत्तर प्रदेश की राजनीति में एंट्री के संकेत
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी केसी त्यागी का पश्चिमी यूपी में काफी प्रभाव माना जाता है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि जेडीयू से अलग होने के बाद अब त्यागी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। माना जा रहा है कि 22 मार्च की बैठक के बाद वे किसी नई पार्टी के गठन या यूपी के किसी बड़े राजनीतिक दल के साथ हाथ मिलाने का फैसला ले सकते हैं।

