औरंगाबाद में प्रतिबंधित संगठन JJMP का वांछित नक्सली गिरफ्तार, कई नक्सली कांडों में है वांटेड

2/3/2023 10:28:47 AM

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र से गुरुवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का एक वांछित नक्सली गिरफ्तार किया गया।             

सशस्त्र सीमा बल की 29वीं वाहिनी के कमांडेंट हरे कृष्ण गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का वांछित नक्सली टंडवा थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में छुपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अनीश कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र सीमा बल के द्वारा टंडवा थाना पुलिस और झारखंड के हुसैनाबाद थाना पुलिस की टीम के साथ संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। इस सर्च अभियान के दौरान जेजेएमपी का वांटेड नक्सली डब्लू विश्वकर्मा उर्फ शक्ति विश्वकर्मा गिरफ्तार किया गया। डब्लू विश्वकर्मा कई नक्सली कांडों में वांटेड है।                     

कमांडेंट हरे कृष्ण गुप्ता ने बताया कि विश्वकर्मा 2018 में हुसैनाबाद गांव के निवासी रामप्रवेश मेहता से मारपीट करने और लेवी मांगने के मामले में अभियुक्त बनाया गया था। यह वर्ष 2019 में भी नक्सली संबंधित एक मामले में जेल जा चुका है। वर्तमान में यह नक्सली गतिविधियों में सक्रियता से शामिल है। गिरफ्तार नक्सली को अग्रतर कानूनी कार्रवाई के लिए झारखंड राज्य के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी से अलग हुआ एक समूह है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static