चर्चा में आया मांझी द्वारा लिखा पत्र, CM नीतीश से बोले- मेरी कामना है कि आप पूर्व मुख्यमंत्री ना हों

4/3/2021 4:53:25 PM

पटनाः हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखा हुआ एक पत्र इन दिनों चर्चा में है। इस पत्र के जरिए मांझी ने नीतीश कुमार को कुछ प्रस्ताव भेजे हैं, जिसमें उन्होंने पूर्व सीएम को मिलने वाली सुविधाओं को बदलने की मांग की।

नीतीश कुमार को भेजे गए अपने पत्र में पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने लिखा था- "मेरी कामना है कि आप पूर्व मुख्यमंत्री नहीं हों। क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री को जो सुविधाएं मिलती थीं, कोर्ट के आदेश की वजह से वो सुविधाएं रद्द कर दी गई हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्रियों को काफी परेशानियों के साथ-साथ जान-माल का खतरा भी बना रहता है।"

हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने प्रस्ताव देते हुए कहा था- "सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को कम से कम 15 साल तक निशुल्क आवासीय सुविधा जी जाए। साथ ही पूर्व सीएम की सुरक्षा से विशेष सुरक्षा दल को नहीं हटाया जाए। दूसरे राज्यों की भांति बिहार के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को राज्य सरकार की ओर से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी जाए।"

हालांकि हम प्रवक्ता अमरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नीतीश कुमार को लिखा गया ये पत्र एक साल पुराना है, जिसे किसी ने वायरल कर दिया है। अभी कोई चिट्ठी नहीं लिखी गई है। इसके साथ ही पार्टी ने नीतीश कुमार को भेजी गई चिट्ठी भी उपलब्ध कराई है।

Content Writer

Ramanjot