सिन्हा ने औरंगजेब से की सम्राट अशोक की तुलना तो भड़के मांझी, बोले- वापिस लिया जाए पद्म सम्मान

1/13/2022 4:25:33 PM

पटनाः प्रसिद्ध लेखक दया प्रकाश सिन्हा ने सम्राट अशोक की तुलना औरंगजेब से कर दी, जिसके बाद बिहार की राजनीति में भूचाल सा आ गया है। राजनीतिक दलों के बीच बयानबाज का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में अब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने दया प्रकाश सिन्हा के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।

जीतन राम मांझी ने ट्वीट कर लिखा, "कुछ लोग सम्राट अशोक का अपमान सिर्फ इसलिए कर रहें है कि वह पिछडी जाति से थें। ऐसे सामंती लोग नहीं चाहतें हैं कि कोई दलित/आदिवासी/पिछडा का बच्चा सत्ता के शिर्ष पर बैठे। मा.राष्ट्रपति से आग्रह है कि हमारे शैर्य के प्रतिक सम्राट अशोक पर टिप्पणी करने वालों का पद्म सम्मान वापिस लें।"

बता दें कि इससे पहले जदयू ने सिन्हा की इस टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उनको मिले पद्मश्री पुरस्कार को वापस करने की मांग कर दी। JDU के बयान के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने उन नेताओं को ‘राजनीतिक भस्मासुर’ तक कह डाला। दरअसल, सिन्हा भाजपा कल्चरल सेल के नेशनल कन्वेनर हैं, लेकिन भाजपा के दिग्गज नेता सुशील मोदी ने इस बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि लेखक दया प्रकाश सिन्हा से भाजपा का कोई संबंध नहीं।
 

Content Writer

Ramanjot