झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन पर CM नीतीश ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना

4/6/2023 9:45:34 PM

पटना:  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। वे जुझारू, कर्मठ एवं जनप्रिय नेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।



बता दें कि झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने शुक्रवार सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका चेन्नई में इलाज के दौरान निधन हो गया है। जगरनाथ महतो के निधन की खबर सुनकर राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर दुख जताया है। वहीं, हेमंत सरकार ने जगरनाथ महतो के निधन के बाद दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा कर दी है।



जगरनाथ महतो की कोरोना रिपोर्ट भी आई थी पॉजिटिव 
बता दें कि पिछले साल सितंबर 2022 में भी शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। करीब 1 महीने तक रांची में उनका इलाज चला था। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने अस्पताल जाकर शिक्षा मंत्री से मुलाकात की थी और चेन्नई जाकर जांच कराने की सलाह दी थी। इसके बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 19 अक्टूबर 2022 को उन्हें विशेष विमान से चेन्नई ले जाया गया था। चेन्नई में उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जगरनाथ महतो का किया गया था लंग्स ट्रांसप्लांट 
28 अक्टूबर को अस्पताल की तरफ से एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया था, जिसमें उनके फेफड़ों में कोई सुधार नहीं दिखा। तब डॉक्टरों ने लंग्स ट्रांसप्लांट करने का निर्णय लिया। 10 नवंबर को जगरनाथ महतो का लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया। 11 जनवरी को उन्हें आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया था। वहीं, जगरनाथ महतो के निधन की खबर सुनकर राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।

Content Writer

Ajay kumar