कोरोना को मात देकर घर लौटे जीतन राम मांझी, परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं खुशी का माहौल

1/3/2021 11:13:23 AM

पटनाः बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कोरोना से जंग जीत ली है। शनिवार को अस्पताल से घर लौटने के बाद उनकी पत्नी ने आरती कर उनकी बुरी नजर उतारी। मांझी के घर लौट आने से परिवार के सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता काफी खुश थे।

कोरोना को मात देकर अस्पताल से घर लौटे मांझी पहले से कमजोर दिखाई दे रहे थे। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है। वहीं जीतन राम मांझी ने पटना के एम्स प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि अस्पताल में उनका काफी ख्याल रखा गया। उन्होंने कहा, "मेरे मन में ठीक होने की दृढ़ इच्छा थी। मैंने परिवार वालों से पहले ही कह दिया था कि यह शरीर नश्वर है, आज नहीं तो कल जाना है, मेरी चिंता मत करना।"

बता दें कि जीतन राम मांझी 13 दिसंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। 20 दिसंबर को उन्हें पटना के एम्स में भर्ती करवाया गया। एम्स में 13 दिन इलाज करवाने के बाद मांझी शनिवार को अपने घर लौट आए।

Ramanjot