NDA से तालमेल नहीं बनने पर JDU अकेले लड़ेगी यूपी विधानसभा चुनाव, कुशवाहा ने किया स्पष्ट

9/9/2021 1:31:16 PM

समस्तीपुरः बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से तालमेल नहीं हो पाने की स्थिति में उनकी पार्टी अकेले अपने दम पर उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

कुशवाहा ने बुधवार को जदयू जिला कार्यालय मे पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी ने उतर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि उतर प्रदेश मे राजग के साथ जदयू का गठबंधन हो इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ बातचीत करेगी। जदयू नेता ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारण राजग से गठबंधन नहीं हो पाया तो भी उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार मे एक बार फिर से जदयू को नम्बर वन पार्टी बनाया जाएगा। संगठन की मजबूती एवं आमलोगों से सीधे तौर पर जुड़ने के लिए पार्टी द्वारा प्रदेश मे राजव्यापी जन संवाद यात्रा निकाली गई है।

कुशवाहा ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि जदयू मे कोई मतभेद नहीं है। हम सभी एकजुट है और एक होकर संगठन की मजबूती और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संवाद को जन-जन तक पहुंचाने के काम में लगे हैं। उन्होंने बिहार ही नहीं पूरे देश मे जातीय जनगणना की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर अपनी बात कह चुके है। अब प्रधानमंत्री इस संबंध मे जल्द फैसला लें। इस मौके पर जदयू की जिलाध्यक्ष अश्वमेध देवी, जदयू के प्रदेश महासचिव दुर्गेश राय, जदयू संवाद यात्रा के प्रभारी प्रशांत कुमार पंकज, जदयू के पूर्व विधायक विद्यासागर निषाद, पूर्व विधायक राजकुमार राय एवं जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद चौधरी निषाद उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static