अरुणाचल प्रदेश की घटना को लेकर JDU ने भाजपा को चेताया, कहा- अब आपको देखना होगा कि....

12/29/2020 5:02:22 PM

पटनाः अरुणाचल प्रदेश में जदयू विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मची हुई है। जदयू और भाजपा के बीच के सब कुछ ठीक दिखाई नहीं दे रहा है। दोनों दलों के नेताओँ के बीच सियासी बयानबाजी लगातार जारी है। इसी कड़ी में अब जदयू ने भाजपा को कहा है कि जो कुछ हो रहा है वो ठीक नहीं है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने अरुणाचल प्रदेश की घटना को लेकर कहा कि ये जख्म बहुत गहरा है। भाजपा को यह देखना होगा कि ऐसा भविष्य में न हो। उन्होंने कहा कि हम तो भाजपा को समर्थन दे रहे थे, लेकिन इसके बावजूद जो घटना घटी वो ठीक नहीं है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के नीतीश कुमार के समर्थन में बोलने पर वशिष्ठ नारायण ने कहा कि सुशील जो देखते हैं वही बोलते हैं, लेकिन जो कुछ हो रहा है वो ठीक नहीं है।

बता दें कि सुशील मोदी ने सोमवार को नीतीश कुमार के समर्थन में कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद बने रहने को लेकर अनिच्छुक थे और वह तब जाकर राजी हुए जब उन्हें याद दिलाया गया कि राजग ने उनके नाम पर वोट मांगे थे।

Ramanjot