केंद्रीय कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच JDU अध्यक्ष बोले- सभी घटक सम्मानित हिस्से के हकदार

6/12/2021 7:12:09 PM

पटनाः केंद्रीय कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच बिहार की सियासत भी गरमा गई है। इसी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने शनिवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में सम्मानजनक हिस्सेदारी की मांग की है।

दरअसल, केंद्र में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच जदयू अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने इस संबंध में बयान दिया है। बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जदयू दूसरा सबसे बड़ा घटक है। अपने कार्यकाल की समाप्ति से कुछ समय पहले मुख्यमंत्री द्वारा पार्टी के शीर्ष पद को छोड़ने के बाद आरसीपी सिंह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम राजग का हिस्सा हैं...(केंद्र में नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार में) सभी घटक सम्मानित हिस्से के हकदार हैं।''

लोकसभा में 16 सांसदों वाला जदयू क्या केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार में अपने लिए सम्मानित हिस्से की मांग करेगा, यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मांग करने का सवाल कहां से आ गया? यह समझने की बात है। यह स्वाभाविक रूप से होना चाहिए।'' जद(यू) प्रमुख का बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच आया है। राजग से शिवसेना के बाहर होने के बाद संसद में जदयू भाजपा का सबसे बड़ा सहयोगी है। जदयू के राज्यसभा में पांच सदस्य हैं। केंद्र में अपनी बदौलत बहुमत हासिल करने के कारण मंत्रिमंडल में भाजपा द्वारा सहयोगी दलों के केवल एक सदस्य को मौका दिए जाने से उस समय कुमार नाखुश थे।

Content Writer

Ramanjot