‘भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल होगी JDU की उत्तर प्रदेश इकाई, CM नीतीश ने दिया समर्थन

1/3/2023 10:21:40 AM

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की अगुवाई में हो रही ‘‘भारत जोड़ो यात्रा'' के उत्तर प्रदेश पहुंचने पर जनता दल (यूनाइटेड) के नेता इसमें शामिल होंगे। जद (यू) के प्रवक्ता के सी त्यागी ने कहा कि तीन जनवरी को जब यह यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी, तो पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल इसमें शामिल होंगे। 

यात्रा में शामिल नहीं होंगे नीतीश  
केसी त्यागी ने कहा कि पार्टी के प्रमुख नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस कवायद के पीछे के विचार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। हालांकि, नीतीश कुमार यात्रा में शामिल नहीं होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री को उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकता के संभावित चेहरे के तौर पर पेश कर रही है। 

यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने भेजा था निमंत्रण
जद (यू) के प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश कुमार पांच जनवरी से बिहार में अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई को यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा था। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश को एकजुट करने के अपने घोषित उद्देश्य में यह कार्यक्रम सफल होगा। 

गाजियाबाद में दाखिल होगी भारत जोड़ो यात्रा
बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज यानि मंगलवार को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। यह यात्रा दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से चलेगी और दोपहर में गाजियाबाद में दाखिल होगी। उत्तर प्रदेश में दो दिन की यात्रा के दौरान राहुल गांधी तीन लोकसभा व छह विधानसभा को साधेंगे। गाजियाबाद के रास्ते यह यात्रा पश्चिम के ही कुछ जिलों से गुजरेगी।

Content Writer

Ramanjot