BJP के आरोपों पर जदयू के ललन सिंह का पलटवार, रामसूरत राय को बताया "भू- माफिया"

8/20/2022 11:04:47 AM

पटनाः जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बिहार में नवगठित महागठबंधन सरकार और उसके मंत्रियों के खिलाफ लगातार हमला बोल रही भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रामसूरत राय भू-माफिया हैं। 

भाजपा के राम सूरत राय बड़े भू-माफियाः ललन सिंह
ललन सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा सत्ता खोने की हताशा के कारण नवगठित महागठबंधन सरकार के खिलाफ निराधार आरोप लगा रही है। उन्होंने भाजपा पर जदयू को नुकसान पहुंचाने और उसे कमजोर करने का अरोप लगाते हुए कहा कि इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से नाता तोड़ लिया और सही फैसला है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘‘पिछले सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रहे भाजपा के एक वरिष्ठ नेता राम सूरत राय बड़े भू-माफिया हैं।'' उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने के लिए राम सूरत राय ने बड़ी संख्या में अंचल अधिकारियों का तबादला किया था। ऐसे में राय का बिहार में माफियाओं पर लगाम लगाने का दावा सभी के लिए आश्चर्यजनक रहा।  

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लगातार हमला बोल रही BJP 
ललन सिंह ने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जब अंचल अधिकारियों का तबादले करने के पीछे की मंशा का पता चला तो उन्होंने सभी तबादलों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि राय को इतनी जल्दी थी कि उन्होंने ऐसे अंचलाधिाकरियों का भी तबादला कर दिया, जिनके पदस्थापन को छह महीने भी नहीं हुए थे। गौरतलब है कि बिहार की महागठबंधन सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से भाजपा कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह उर्फ कार्तिक कुमार और शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों को लेकर नीतीश सरकार पर न केवल हमलावर बनी हुई है बल्कि इन मंत्रियों के इस्तीफे की भी मांग कर रही है।

Content Writer

Ramanjot