JDU के राज्यसभा सदस्य किंग महेंद्र का दिल्ली में निधन, CM नीतीश ने जताया शोक

Monday, Dec 27, 2021-03:26 PM (IST)

नई दिल्ली/पटनाः जनता दल (यूनाइटेड) से राज्यसभा के सदस्य और उद्योगपति महेंद्र प्रसाद उर्फ किंग महेंद्र का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। प्रसाद बिहार से सात बार राज्यसभा के लिए चुने गए और एक बार वह लोकसभा के लिए भी निर्वाचित हुए। उद्योग जगत के जाने माने चेहरे प्रसाद ने अरिस्टो फार्मास्यूटिकल्स की स्थापना की थी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 81 वर्षीय महेंद्र प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक कुशल राजनेता और प्रसिद्ध उद्योगपति थे। वे सरल स्वभाव के काफी मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय महेंद्र प्रसाद के भाई उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू तथा पुत्र राजीव शर्मा से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजन तथा प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

गौरतलब है कि महेंद्र साद सबसे पहले, लोकसभा के लिए 1980 में कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। लंबे समय तक कांग्रेस में रहे प्रसाद बाद में अपने समर्थकों के साथ जद(यू) में शामिल हो गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static