JDU ने फिर की बिहार को विशेष पैकेज देने की मांग, कहा- बाढ़ से मुक्ति के लिए बनाए जाएं बड़े डैम

2/3/2022 5:10:27 PM

नई दिल्ली/पटनाः जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने केंद्र सरकार से एकबार फिर बिहार को विशेष पैकेज देने तथा बाढ़ से मुक्ति के लिए नेपाल से वार्ता कर बड़े डैम बनाने की मांग की है।

जद(यू) के रामनाथ ठाकुर ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए आज बिहार की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को बिहार को विशेष पैकेज देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार कई मामलों में पिछड़ा हुआ जिसके कारण उसको विशेष पैकेज की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिहार बाढ़ से पीड़ित रहता है। इससे निपटने के लिए नेपाल से वार्ता कर बड़े डैम बनाने का काम किया जाना चाहिए।

रामनाथ ठाकुर ने कोरोना से मृत लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए सरकार को बधाई दी कि भारत ने पहली बार न सिर्फ देश में बल्कि विदेशोें में भी लाखों लोगों की जान बचाने में मदद की है। उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार रक्षा मंत्रालय ने उपकरण बनाने का काम किया है। भारत को समृद्ध बनाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने कृषि के मामले में गंगा के किनारों में हरे पेड़ और पौधे लगाना को बढ़ावा दिया है। हर पंचायत में बैंक खोलने का निवेदन भी उन्होंने किया।

Content Writer

Ramanjot