विरोध के चलते JDU उम्मीदवार मनोज कुशवाहा ने वापस किया सिंबल, मीनापुर से मिला था टिकट

10/11/2020 10:59:16 AM

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार मनोज कुशवाहा ने शनिवार को सिंबल वापस कर दिया।

जदयू ने मनोज कुशवाहा को इस बार के विधानसभा चुनाव में उनकी परंपरागत सीट कुढ़नी की बजाय मीनापुर से उम्मीदवार बनाया। प्रत्याशी घोषित होने के बाद से कुशवाहा ने तीन दिनों तक मीनापुर विधान सभा क्षेत्र में प्रचार भी किया लेकिन शनिवार को उन्होंने सिंबल वापस करने का निर्णय लिया। कुशवाहा ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा से कुढ़नी विधान सभा क्षेत्र में राजनीति की है और आगे भी वहीं करूंगा। यहां की जनता को छोड़कर मैं किसी दूसरी जगह नहीं जाऊंगा। मैंने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सिंबल वापस कर दिया है।''

इस पर जदयू नेता डॉ. अजय आलोक ने कहा कि यह पार्टी के उम्मीदवार मनोज कुशवाहा की ईमानदारी है कि उन्होंने सिंबल वापस कर दिया। उन्होंने कहा कि जब कुशवाहा को लगा कि वह चुनाव में मीनापुर विधानसभा क्षेत्र से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे तो उन्होंने सिंबल वापस कर दिया। ऐसा माना जा रहा है कि मनोज कुशवाहा को मीनापुर से जदयू उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्हें बाहरी बता कर स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विरोध शुरू किया था। बढ़ते विरोध को देखते हुए कुशवाहा ने पार्टी को सिंबल वापस कर दिया है।

Ramanjot