'बिहार के बेटे' ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका, 'पसूरी' गाने का भोजपुरी वर्जन किया रिलीज

5/19/2023 1:37:00 PM

 

मुंबई/पटनाः 'बिहार का बेटे' अमरजीत जयकर ने हाल ही में 'पसूरी' गाने का भोजपुरी वर्जन रिलीज किया है, जिसका वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इसके वीडियो को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। वहीं 'पसूरी' के पहले भी अमरजीत कई हिंदी गानों का भोजपुरी वर्जन रिलीज कर चुके हैं।

अमरजीत ने पसूरी का भोजपुरी वर्जन अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया। इसे शेयर करते हुए सिंगर ने लिखा, 'पसूरी का भोजपुरी वर्जन, शायद अच्छा लगेगा। कुछ अलग सा लिखा और गाया हूं।' ट्विटर पर इस वीडियो को 4 लाख 45 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं, 8000 लोगों ने इसे लाइक भी किया है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब अमरजीत ने किसी गाने का भोजपुरी वर्जन बनाया हो। इससे पहले भी अमरजीत के कई गाने सोशल मीडिया पर तहलका मचा चुके हैं।


अमरजीत के 'पसूरी' गाने के वीडियो पर फैंस का रिएक्शन भी कमाल का है। एक यूजर ने कॉमेंट में लिखा, 'हमारे बिहार का नाम रौशन कर दिया भाई।' बता दें कि अमरजीत जयकर बिहार राज्य के समस्तीपुर जिला के रहने वाले हैं। अमरजीत का अपना यूट्यूब चैनल भी है। इसके अलावा सिंगर 'इंडियन आइडल' में भी नजर आ चुके हैं।

Content Writer

Nitika