जगदानंद सिंह का आरोप- लॉलीपॉप का इस्तेमाल कर नीतीश दलबदल करवाने का खेल रहे खेल

6/24/2020 4:44:59 PM

 

पटनाः बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने अपनी पार्टी के 5 विधान परिषद सदस्यों के सोमवार को पाला बदलकर जदयू में शामिल होने को लेकर मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह लॉलीपॉप का इस्तेमाल कर दलबदल का खेल कर रहे हैं।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह ने पार्टी के 5 विधान परिषद सदस्यों के पाला बदलने की जानकारी मिलने के बाद राजद विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर जाकर विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ मुलाकात की। इसके बाद वह प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में बैठकर कुमार दलबदल का खेल कर रहे हैं। इसके लिए लॉलीपॉप का इस्तेमाल किया जा रहा है। सिंह ने कहा कि राजद समाजवादियों का गढ़ है। मुख्यमंत्री ‘बटोरुआ पार्टी’ चला रहे हैं और दूसरे दलों से नेताओं को बटोर-बटोर कर अपनी पार्टी बनाई है। पार्टी के इक्के-दुक्के नेताओं के पाला बदलने से राजद की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जदयू के नेता रात के अंधेरे में राजनीतिक डाका डाल रहे हैं लेकिन बावजूद इसके इस साल होने वाले विधानसभा का चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला होगा। अब चंद महीनों की बात है मुख्यमंत्री की विदाई होने वाली है। उन्होंने कहा कि जो उनके विधायकों के कंधों पर चढ़कर सरकार बना बैठे हैं वह हवा का रुख अच्छे से समझ रहे हैं।

Nitika