बिहार में बढ़ाई जाएगी धान खरीद की अधिकतम सीमा, CM नीतीश ने दिया निर्देश

12/11/2020 11:38:14 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को रैयत किसानों की धान खरीद की अधिकतम सीमा 200 क्विंटल से बढ़ाकर 250 क्विंटल करने का निर्देश दिया है।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को एक, अणे मार्ग स्थित नेक संवाद में खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में धान अधिप्राप्ति की समीक्षा के लिए बैठक हुई। इस दौरान नीतीश ने कहा कि रैयत किसानों की धान अधिप्राप्ति की अधिकतम सीमा को 200 क्विंटल से बढ़ाकर 250 क्विंटल किया जाए। साथ ही गैर रैयत किसानों की धान खरीद की अधिकतम सीमा को 75 क्विंटल से बढ़ाकर 100 क्विंटल किया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा, 'हमलोगों का उद्देश्य है कि किसानों की उपज की अधिक से अधिक अधिप्राप्ति हो और इसका सीधा लाभ किसानों को मिले। वर्ष 2005 के पहले सरकारी खरीद नहीं होती थी, हम लोगों ने प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) की शुरुआत कराई और पैक्स के माध्यम से अधिप्राप्ति कराई जाने लगी जिससे किसानों को लाभ पहुंचा। इस वर्ष अच्छी फसल हुई है जिस कारण पहले से अधिक अधिप्राप्ति की संभावना है। अधिक से अधिक किसानों को धान अधिप्राप्ति के लिए प्रेरित करना है।'

नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि विभाग की वेबसाइट पर जो निबंधित किसान हैं उन्हें स्वत: निबंधित मानकर अधिप्राप्ति के योग्य समझा जाए। सहकारिता विभाग को किसानों का अलग से निबंधन करने की जरूरत नहीं है। अधिक से अधिक किसान अपनी फसल की अधिप्राप्ति करा सकें और सरकार अधिक से अधिक उपज की खरीद कर सकें। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में भंडारण की समुचित व्यवस्था रखें और धान की स्टोरेज के साथ ही उनके रिसाइकलिंग की भी उचित व्यवस्था रखें।

Ramanjot