आरसीपी सिंह की केंद्र सरकार से मांग- शिक्षा के विकास के लिए हो भारतीय शिक्षा सेवा का गठन

4/18/2022 10:30:29 AM

पटनाः केन्द्रीय इस्पात मंत्री रामचन्द्र प्रसाद (आरसीपी) सिंह ने शिक्षा के विकास, मूल्यांकन एवं अनुश्रवण के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा और अन्य सेवाओं की तरह भारतीय शिक्षा सेवा के गठन करने की मांग केन्द्र सरकार से की है।

आरसीपी सिंह ने रविवार को स्थानीय पटेल सेवा संघ में अखिल भारतीय मौर्य शिक्षक सह शिक्षा मंच बिहार की प्रदेश कार्यसमिति के विस्तारित बैठक का उद्घाटन करने के बाद कहा कि शिक्षा का मकसद तब पूरा होता है जब शिक्षार्थी में परीक्षा पास करने के साथ-साथ सोचने की क्षमता विकसित हो तब शिक्षा की चिनगारी से समाज प्रकाशित होगा। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक के शासन का आधार व्यापार और धन संपदा था इसलिए अपने बच्चों में व्यावसायिक शिक्षा, वाण्ज्यि की शिक्षा एवं कानून की शिक्षा पर ज्यादा जोर देना चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में जितनी खनिज संपदा है उतना अन्य राज्यों में नहीं है। भागलपुर और बांका में अकूत कोयला का भंडार है। सबसे बढ़िया फॉस्फेट औरंगाबाद में और टंगस्टन नवादा में है इसलिए बिहार की जमीन के नीचे छुपे खनिज संपदा का ज्ञान बच्चों को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास दुनिया का इतिहास है। बच्चों में अगर कानून की जानकारी होगी तब ही वह बेहतर नागरिक बन पाएंगे। साथ ही जज की नियुक्ति कॉलेजियम प्रणाली की जगह लोकतांत्रिक तरीके से परीक्षा लेकर होनी चाहिए तब ही समान्य घर का बच्चा भी जज बन सकेगा।

Content Writer

Ramanjot