लोकसभा चुनाव में बिहार की सभी 40 सीटें जीतना ''इंडिया'' गठबंधन का लक्ष्यः डॉ. अखिलेश सिंह

9/10/2023 10:15:27 AM

गया: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया' का लक्ष्य बिहार की सभी 40 संसदीय सीटों पर विजय हासिल करना है। डॉ. अखिलेश सिंह भारत जोड़ो यात्रा के तहत शनिवार को गया पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के कद्दावर नेता तारिक अनवर सहित वरीय नेतागण मौजूद थे। 

भारत जोड़ो यात्रा के गया जिले के गुरुआ विधानसभा के प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रसलपुर गांव के समीप डॉ. सिंह का फूल-माला पहनकर और गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीटों से संबंधित उन्होंने किसी प्रकार की घोषणा नहीं की है। मुंबई में बनी समिति तय करेगी कि किसे कितने सीट पर लड़ना है। प्राथमिकता यह है कि बिहार की सभी 40 सीट पर जीत दर्ज हो। 

Content Writer

Ramanjot