दरभंगाः चुनाव प्रचार से लौट रहे थे निर्दलीय प्रत्याशी, अपराधियों ने गाड़ी रोककर बरसाईं गोलियां

11/6/2020 12:51:37 PM

 

दरभंगाः बिहार विधानसभा चुनाव के चलते प्रचार से लौट रहे निर्दलीय उम्मीदवार रविन्द्रनाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह पर गुरुवार रात कुछ अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। घटना के तुरंत बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं रविन्द्रनाथ की इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दरअसल, निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव प्रचार खत्म कर गुरुवार देर रात अपने गांव दुगौली लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार को कोठरी के पास कुछ लोगों ने रोक लिया। जैसे ही वह बात करने के लिए गाड़ी से उतरे वैसे ही उन लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोली मारने के तुरंत बाद अपराधी घटनास्थल से फरार हो गए। इसके बाद उन्हें घायल अवस्था में डीएमसीएच में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं सिटी एसपी ने बताया कि गोली मारने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पीड़ित के होश में आने के बाद बयान लिया जाएगा, जिसके बाद ही कारण स्पष्ट होगा। बता दें कि रविन्द्रनाथ सिंह दरभंगा के हायाघाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। हायाघाट विधानसभा से राजद उम्मीदवार भोला यादव और भाजपा से रामचन्द्र साह को वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मजबूत टक्कर दे रहे हैं।

Nitika